आम का पन्ना

गर्मी के मौसम में लू से बचने और शरीर को हाइड्रेट रखने के लिए लोग पेय पदार्थों का सेवन करते हैं। इन सभी पदार्थों में पसंदीदा पारंपरिक पेय, कच्चे आम का पन्ना या कैरी का पन्ना है। सदियों से ही लू बचने के लिए, शरीर के तापमान को स्थिर रखने और गैस की समस्या को दूर करने में आम का पन्ना इस्तेमाल होता आया है। आम का पन्ना सरलता से बनने वाला एक ऐसा बहुगुणी पेय है, जो बच्चे से लेकर बड़ो तक सभी को पसंद आता है। आइए 20 मिनट में बनाते हैं आम पन्ना की रेसिपी।

सामग्री

  • आम 2 से 3 मीडियम आकार – लगभग 300 ग्राम
  • पुदीना 20 से 30 पत्तियां
  • चीनी 100 ग्राम
  • भुना जीरा पाउडर 2 छोटी चम्मच
  • काला नमक स्वादानुसार
  • काली मिर्च एक चौथाई चम्मच
  • पानी 1 कप(उबालने के लिए)

बनाने की विधि

परंपरागत तरीके में आम पन्ना,आम को चूल्हे की राख में भूनकर बनाया जाता था लेकिन आज आम के गूदे को पीसकर, आसानी से आम के पन्ने को बनाया जाता है। आम का पन्ना बनाने के लिए सबसे पहले आप आम को अच्छी तरह धो लीजिए। अब इन आमों को छीलकर गुठली से हटाकर इनका गुदा अलग कर लीजिए। अब आम के गुद्दे को एक कप पानी डालकर भिगोने में आम के गलने तक धीमी आंच पर पकाएं या कुकर में 4 सीटी आने तक उबाल लीजिए। अब इस आम के पल्प को उबले पानी से अलग करके ठंडा कीजिए। आम के पल्प के ठंडा हो जाने पर मिक्सी में चीनी, धुली पुदीना पत्ती, काला नमक डालकर अच्छे से पीस लीजिए। अच्छे से पीस जाने के बाद इसमें एक लीटर ठंडा पानी मिला लीजिए। अब इस मिश्रण को छानकर इसमें कुटी काली मिर्च और भुना जीरा डालिए।आपका स्वादिष्ट और जायकेदार आम का पन्ना तैयार है। इस रेफरिशिंग ड्रिंक को क्रश बर्फ या बर्फ क्यूब और पुदीने की पत्तियों के साथ परोसे।

आम पन्ना के सेवन के फायदे

आम पन्ना में विटामिन ए पाया जाता है, जो हमारी आंखों के लिए काफी फायदेमंद होता है। नियमित रूप से आम पन्ना का सेवन करने से मोतियाबिंद, रतौंधी, आंखों का लाल होना और ड्राई आंखों जैसी कई बीमारियों से बचाव हो सकता है। गर्मियों में आम पन्ना पीने से आपके शरीर को ये सभी लाभ मिल सकते हैं। वैसे तो आम पन्ना पीने के अनेकों फायदे हैं जिनका वर्णन कुछ इस प्रकार है –
  1. आम पन्ना गर्मी के मौसम में लोगों को लू से लगने से बचाता है। यह हमारे शरीर को ठंडक प्रदान करता है।
  2. आम पन्ना में उचित मात्रा में एल्डिहाइड और ईस्टरस होते है, जो हमारी पाचन क्रिया को दुरुस्त बनाते हैं।
  3. आम पन्ना शरीर से विषैले पदार्थ निकालकर शरीर को डिटॉक्स करता है जिससे हमारे शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली संपुष्ट होती है।
  4. आम के पन्ने के सेवन से शरीर में रक्त संचरण का प्रवाह बढ़ता है। इससे नई रक्त कोशिकाएं निर्मित होती है।
  5. आम पन्ना विटामिन सी का एक अच्छा स्त्रोत है, जिसको पीने से हमारी त्वचा के स्वास्थ्य में सुधार होता है और हमें स्कर्वी जैसे रोगों से मुक्ति मिलती है।
  6. गर्मी के मौसम में आम पन्ना का सेवन करने से हमारी रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है। अनेक मौसमी बीमारियों से हम बचे रहते हैं।
  7. आम पन्ना हमारी ओरल हेल्थ के लिए भी फायदेमंद है। मसूड़ों से खून निकलने की समस्या काफी हद तक कम हो जाती है।
  8. इसमें भरपूर मात्रा में आयरन पाया जाता है जो हमारे शरीर से एनीमिया की कमी को दूर करता है।
  9. विटामिन बी का भी एक अच्छा स्रोत है जो हमारी आंतों से संबंधित समस्याओं को दूर करता है ।
  10. बच्चों के पेट में कीड़े की दिक्कत को भी आम पन्ना के सेवन से सरलता से दूर किया जा सकता है।
नोट: मधुमेह और बीपी के रोगियों को आम पन्ना का सेवन बिना चीनी या नमक के करना चाहिए।